
भागलपुर: भागलपुर रेंज में तैनात चालक संवर्ग के 33 पुलिस पदाधिकारियों और सिपाहियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। रेंज आईजी विवेक कुमार ने बुधवार को इस संबंध में क्षेत्रादेश जारी कर दिया। पदोन्नति के साथ कई पुलिसकर्मियों को उच्च पद का वेतनमान और अस्थायी कार्यकारी प्रभार भी सौंपा गया है।
रेंज कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार भागलपुर और नवगछिया में पदस्थापित तीन चालक एएसआई को वेतनमान सहित इंस्पेक्टर पद पर अस्थायी स्थानापन्न कार्यकारी प्रभार दिया गया है। वहीं भागलपुर के दो और नवगछिया के एक चालक हवलदार को चालक एएसआई के पद पर पदोन्नत करते हुए कार्यकारी प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा भागलपुर में कार्यरत चार एएसआई को एसआई के पद पर पदोन्नति दी गई है।
22 चालक सिपाही बने चालक हवलदार
रेंज के तीनों जिलों में तैनात कुल 22 चालक सिपाहियों को चालक हवलदार के पद पर वेतनमान सहित अस्थायी स्थानापन्न कार्यकारी प्रभार दिया गया है। इस निर्णय से चालक संवर्ग के पुलिसकर्मियों में उत्साह का माहौल है। पदोन्नति के बाद संबंधित पुलिसकर्मी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हुई कार्रवाई
रेंज आईजी विवेक कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश के आलोक में चालक संवर्ग के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की गई है। सभी पात्र कर्मियों को निर्धारित नियमों के अनुसार उच्च पद का लाभ प्रदान किया गया है।
पूरे रेंज में सैकड़ों कर्मियों को मिला लाभ
पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के अनुसार राज्य स्तर पर इस पदोन्नति अभियान के तहत 28 चालक एएसआई को इंस्पेक्टर, 27 चालक एसआई को इंस्पेक्टर, 76 चालक हवलदार को एएसआई तथा 212 चालक सिपाहियों को चालक हवलदार के पद पर पदोन्नति दी गई है। भागलपुर रेंज में इसी क्रम में 33 पदाधिकारियों और सिपाहियों को इसका लाभ मिला है।
पुलिस विभाग का कहना है कि इस पदोन्नति से चालक संवर्ग के कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और विभागीय कार्यों के संचालन में और अधिक दक्षता आएगी। साथ ही अनुभवी पुलिसकर्मियों को उनकी योग्यता और सेवा के अनुरूप जिम्मेदारियां मिलने से पुलिस व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।


