
भागलपुर: बिहार सरकार की कैबिनेट ने भागलपुर स्थित ऐतिहासिक विक्रमशिला सेतु की मरम्मत और सस्पेंडेड स्लैब निर्माण के लिए 126 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। श्रावणी मेले के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा और इसे 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पथ निर्माण विभाग के अनुसार, परियोजना के तहत क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत के साथ नए सस्पेंडेड स्लैब का निर्माण किया जाएगा, जिससे पुल की मजबूती बढ़ेगी और यातायात पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा। आईआईटी की तकनीकी टीम ने भी पुल का निरीक्षण शुरू कर दिया है और उसकी रिपोर्ट के आधार पर निर्माण कार्य कराया जाएगा।
श्रावणी मेले के बाद शुरू होगा काम
विभाग ने बताया कि श्रावणी मेला समाप्त होने के बाद बड़े पैमाने पर मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू होगा। इससे पहले आवश्यक तकनीकी जांच और तैयारी पूरी की जाएगी। परियोजना की समय-सीमा 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
आज भी रात में बंद रहेगा पुल
मरम्मत कार्य और तकनीकी निरीक्षण के कारण बुधवार की तरह गुरुवार रात 10 बजे से शुक्रवार सुबह 5 बजे तक विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान आईआईटी की टीम बेली ब्रिज क्षेत्र में निरीक्षण और तकनीकी परीक्षण करेगी।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
रात्रिकालीन बंदी के दौरान पुल और उसके आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। वाहनों को पहले से ही वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी जा रही है। पुल के दोनों ओर सूचना बोर्ड और बैनर लगाकर लोगों को यातायात प्रतिबंध की जानकारी दी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान विक्रमशिला सेतु की ओर यात्रा करने से बचें और यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।


