अवैध शराब कारोबार मामले में पूर्व RJD MLC सुबोध राय पर वैशाली पुलिस का शिकंजा, आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी टीम

वैशाली: अवैध शराब कारोबार के मामले में झारखंड से गिरफ्तार राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के पूर्व विधान परिषद सदस्य (MLC) सुबोध राय की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। झारखंड में गिरफ्तारी के बाद अब वैशाली पुलिस ने भी उनके खिलाफ जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि कहीं बिहार में शराबबंदी के बावजूद उनके नेटवर्क के जरिए अवैध शराब की तस्करी तो नहीं की गई।

वैशाली के पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा ने बताया कि सुबोध राय की गिरफ्तारी के बाद एक विशेष जांच टीम गठित की गई है। यह टीम पूर्व एमएलसी के खिलाफ पहले से दर्ज मामलों, आपराधिक गतिविधियों और शराब कारोबार से जुड़े संभावित नेटवर्क की गहन जांच करेगी।

एसपी ने कहा कि जांच के दौरान सुबोध राय के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। साथ ही यह भी जांच शुरू कर दी गई है कि झारखंड स्थित उनके बॉटलिंग प्लांट से बिहार में शराब की सप्लाई या तस्करी तो नहीं की गई थी। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण यह जांच काफी अहम मानी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यदि जांच में शराब तस्करी से जुड़े किसी भी मामले में सुबोध राय की सीधी या अप्रत्यक्ष भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। एसपी शुभांक मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

इधर, झारखंड में गिरफ्तारी के बाद सुबोध राय के गोरौल थाना क्षेत्र स्थित पोझा गांव और गोरौल में स्थित उनके प्रतिष्ठान तरंगिनी फ्लावर मिल में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोग फिलहाल इस मामले पर खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। बताया जा रहा है कि फ्लावर मिल परिसर भी वीरान पड़ा हुआ है।

गौरतलब है कि सुबोध राय कभी राजद के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे और उन्हें लालू परिवार का करीबी माना जाता रहा है। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी और शराब कारोबार से जुड़े आरोपों ने बिहार की राजनीतिक गलियारों में भी हलचल बढ़ा दी है।

अब सभी की नजर वैशाली पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जो आने वाले दिनों में इस पूरे नेटवर्क के कई और बड़े खुलासे कर सकती है।

  • ये भी पढ़े..

    श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेने अजगैविनाथ धाम पहुंचे अधिकारी, कई पार्किंग स्थल किए गए चिन्हित

    Share Add as a preferred…