
गोपालपुर, भागलपुर: गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुकटिया बाजार में गुरुवार सुबह एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला को परिजन आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मृतका की पहचान मुनिया देवी (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सुकटिया बाजार निवासी जीवन दास की पत्नी थीं। जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में घायल अवस्था में पड़ी मिली। उसके सिर पर किसी धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान पाए गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह करीब 6 बजे महिला को घायल हालत में देखा, जिसके बाद तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम सुराग जुटाए हैं और हर पहलू से जांच कर रही है।
प्राथमिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा भी माना जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, मृतका के परिवार में पिछले कुछ समय से तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि पति की दूसरी शादी के बाद घरेलू विवाद बढ़ गया था, हालांकि पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है।


