मलाही पकड़ी तक मेट्रो रेल सेवा शुरू, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया शुभारंभ

पटना: राजधानी पटना में मेट्रो रेल सेवा का विस्तार करते हुए मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को इसका शुभारंभ किया और नए मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का भी उद्घाटन किया। इसके साथ ही राजधानी के हजारों यात्रियों को तेज, सुगम और सुविधाजनक आवागमन की नई सौगात मिली है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पटना मेट्रो प्री-पेड स्मार्ट कार्ड सेवा की भी शुरुआत की। इस स्मार्ट कार्ड के जरिए यात्रियों को बार-बार टिकट खरीदने के लिए लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा, जिससे यात्रा और अधिक आसान हो जाएगी।

पहले मेट्रो सेवा आईएसबीटी से भूतनाथ स्टेशन तक संचालित हो रही थी, जिसे अब बढ़ाकर मलाही पकड़ी तक कर दिया गया है। शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री ने मलाही पकड़ी स्टेशन से भूतनाथ मेट्रो स्टेशन तक स्वयं मेट्रो में सफर किया और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है, ताकि आम नागरिकों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पटना मेट्रो परियोजना का कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए

इस दौरान मुख्यमंत्री ने नव-निर्मित मलाही पकड़ी स्टेशन का निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

12 घंटे तक मान्य रहेगा टिकट

मेट्रो प्रशासन के अनुसार, यात्रियों द्वारा खरीदा गया टिकट 12 घंटे तक वैध रहेगा। यदि कोई यात्री टिकट खरीदने के बाद किसी कारण स्टेशन परिसर में प्रवेश नहीं कर पाता, तो वह उसी टिकट का उपयोग अगले 12 घंटे के भीतर कर सकेगा। इससे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

मेट्रो सेवा के विस्तार के साथ राजधानी पटना में ट्रैफिक दबाव कम होने और यात्रा समय में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    अवैध शराब कारोबार मामले में पूर्व RJD MLC सुबोध राय पर वैशाली पुलिस का शिकंजा, आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी टीम

    Share Add as a preferred…

    श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेने अजगैविनाथ धाम पहुंचे अधिकारी, कई पार्किंग स्थल किए गए चिन्हित

    Share Add as a preferred…