भागलपुर : तिलकामांझी थाना के सामने कार्यालय में बिल्डर की निर्मम हत्या, 48 घंटे में खुलासे का दावा

भागलपुर: भागलपुर के तिलकामांझी थाना के मुख्य गेट के सामने स्थित कार्यालय में एक बिल्डर की बेरहमी से हत्या कर दिए जाने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नीलकंठ नगर, हवाई अड्डा निवासी बिल्डर बजरंगी कुमार (45 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने बजरंगी कुमार की हत्या बेहद वीभत्स तरीके से की। शव के गले, हाथ, गर्दन और प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोट और कटाव के निशान मिले हैं। घटना की क्रूरता को देखते हुए पुलिस भी मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे बजरंगी कुमार की मोबाइल पर बात हुई थी। उन्होंने घरवालों से कहा था कि गिट्टी गिर रही है, इसलिए घर आने में देर होगी। उन्होंने यह भी बताया था कि यदि ज्यादा देर हो गई तो थाना के सामने बने कार्यालय में ही रुक जाएंगे।

जब देर रात तक वह घर नहीं लौटे तो परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं लगा। इसके बाद गुरुवार सुबह खोजबीन शुरू की गई। परिजनों का आरोप है कि शुरुआती समय में पुलिस ने उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया।

बाद में जब परिजन कार्यालय पहुंचे तो बाहर से ताला लगा हुआ था। दरवाजा खुलवाने पर अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कार्यालय के भीतर बजरंगी कुमार घायल अवस्था में फर्श पर पड़े मिले। कमरे में बल्ब जल रहा था और पंखा भी चल रहा था। मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर दी है। पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान, फॉरेंसिक जांच और संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

एसएसपी ने कहा कि 48 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान भी कर ली गई है।

इस निर्मम हत्या ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर इसलिए क्योंकि वारदात थाना परिसर के ठीक सामने हुई। स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं और जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

  • ये भी पढ़े..