
बेंगलुरु/पटना: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बिहार के सात प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। बेंगलुरु दक्षिण तालुक के मदपट्टना स्थित एक पत्थर की खदान में खुदाई के दौरान अचानक विशाल चट्टान गिरने से यह हादसा हुआ। हादसे में कई अन्य मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।
40 फीट नीचे काम कर रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। उस समय खदान में लगभग 20 मजदूर काम कर रहे थे। सभी मजदूर जमीन से करीब 40 फीट नीचे खुदाई में लगे थे, तभी अचानक चट्टान का बड़ा हिस्सा टूटकर उन पर गिर पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से पहले किसी तरह की चेतावनी नहीं मिली और देखते ही देखते पूरा इलाका मलबे से भर गया।
ब्लास्टिंग के बाद हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खदान में एक दिन पहले ब्लास्टिंग की गई थी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चट्टान का गिरना ब्लास्टिंग का परिणाम था या किसी अन्य तकनीकी कारण से हादसा हुआ। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिहार के 7 मजदूरों की मौत
अधिकारियों के अनुसार, हादसे में मृत सभी मजदूर बिहार के प्रवासी श्रमिक हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक सभी मृतकों की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी।
घायल पांच मजदूरों को गंभीर हालत में आरआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया शोक
हादसे पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा—
“बेंगलूरु के दक्षिण तालुक स्थित मदापट्टना की पत्थर खदान में हुए भीषण हादसे में बिहार के प्रवासी श्रमिक भाइयों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं।”
कर्नाटक सरकार ने भी जताया दुख
इस दुखद घटना पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी शोक व्यक्त किया है। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।
फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं।


