सीतामढ़ी में पुलिस की बड़ी चूक! हाजत का रोशनदान तोड़कर फरार हुआ मोस्ट वांटेड प्रभु भगत, गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का इनाम

सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी जिले में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामलों में वांछित मोस्ट वांटेड अपराधी प्रभु भगत परिहार थाना की हाजत से रोशनदान तोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है और आरोपी की गिरफ्तारी या उसकी सूचना देने वाले के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।

हाजत का रोशनदान तोड़कर भाग निकला आरोपी

जानकारी के अनुसार, प्रभु भगत को हाल ही में गिरफ्तार कर परिहार थाना की हाजत में रखा गया था। देर रात उसने हाजत के रोशनदान को तोड़कर बाहर निकलने का रास्ता बनाया और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया।

एक दर्जन से अधिक मामलों में वांछित

पुलिस के अनुसार, प्रभु भगत लंबे समय से जिले के मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस को उम्मीद थी कि उसकी गिरफ्तारी से कई पुराने मामलों का खुलासा होगा, लेकिन हिरासत से फरारी ने जांच एजेंसियों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।

एसपी ने बनाई स्पेशल टीम

घटना के तुरंत बाद एसपी अमित रंजन ने विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू करा दी। जिले के सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। नेपाल सीमा से जुड़े इलाकों, प्रमुख सड़कों, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

एसपी ने घोषणा की है कि प्रभु भगत की गिरफ्तारी या उसके संबंध में विश्वसनीय सूचना देने वाले को ₹25,000 का इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

तीन चौकीदार निलंबित, थानाध्यक्ष जांच के घेरे में

इस बड़ी सुरक्षा चूक के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परिहार थाना में तैनात तीन चौकीदारों को निलंबित कर दिया है। वहीं, थानाध्यक्ष की भूमिका की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

जांच में यह पता लगाया जाएगा कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई और कहीं इसमें किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही या मिलीभगत तो नहीं थी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि प्रभु भगत को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और फरारी की पूरी घटना की विस्तृत जांच के बाद दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में करणी सेना का संगठन विस्तार, भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर सम्मानित

    Share Add as a preferred…

    मिलर हाई स्कूल के आधुनिकीकरण की तैयारी तेज, ऊर्जा विभाग ने धरोहर संरक्षण कार्यों का किया सर्वेक्षण

    Share Add as a preferred…