पटना के दरियापुर भट्टी में नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार बोले- जल्द होगी स्वास्थ्यकर्मियों की बहाली

पटना: राजधानी पटना के दरियापुर भट्टी में नवनिर्मित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) का उद्घाटन सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने किया। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, स्वास्थ्य एवं नगर विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद लोगों ने मंत्री के समर्थन में जमकर नारे लगाए और नए अस्पताल के शुरू होने पर खुशी जताई।

1.16 करोड़ रुपये की लागत से बना स्वास्थ्य केंद्र

करीब 1.16 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य 6 नवंबर 2024 को शुरू हुआ था। अब यह पूरी तरह तैयार होकर आम लोगों की सेवा के लिए शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य केंद्र का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराना है।

एक ही परिसर में मिलेंगी कई स्वास्थ्य सेवाएं

स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर, दवा वितरण के लिए फार्मेसी, नेत्र जांच के लिए आई लैब, चिकित्सकों के परामर्श कक्ष, टीकाकरण केंद्र, गर्भवती महिलाओं की जांच (ANC), पैथोलॉजी लैब और भर्ती मरीजों के लिए वार्ड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा डॉक्टरों के लिए दो चिकित्सक कक्ष और मरीजों व कर्मचारियों की सुविधा के लिए शौचालय भी बनाए गए हैं।

8 डॉक्टरों की तैनाती, भविष्य में बढ़ेंगे बेड

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बताया कि फिलहाल अस्पताल में दो बेड की व्यवस्था की गई है, जिसे भविष्य में बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां 8 डॉक्टरों की तैनाती की गई है और अस्पताल लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

जल्द निकलेगी स्वास्थ्य विभाग में बहाली

मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों और कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर सरकार काम कर रही है और जल्द ही नई बहाली के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि सभी अस्पतालों में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाए।

बिहार में बनेंगे नए ट्रॉमा सेंटर

निशांत कुमार ने जानकारी दी कि राज्य सरकार बिहार के पांच जोन में लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर तथा 11 लेवल-3 ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।

15 हजार स्वास्थ्य संस्थानों में लगेंगे CCTV कैमरे

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य के लगभग 15 हजार अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर विकसित किया जा रहा है, जिससे डॉक्टरों और कर्मचारियों की उपस्थिति तथा कार्यप्रणाली की निगरानी की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में एक केंद्रीय कमांड रूम बनाया गया है, जहां से सभी अस्पतालों की मॉनिटरिंग की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी अस्पतालों में दवाएं, जांच और चिकित्सा सेवाएं आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचें तथा स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा सके।

  • ये भी पढ़े..

    ससुराल जाते समय युवक की सड़क हादसे में मौत, 12 घंटे बाद भी पोस्टमार्टम नहीं होने पर परिजनों का हंगामा

    Share Add as a preferred…

    बांका के शीतलपुर में युवक की संदिग्ध मौत, मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मृत्यु

    Share Add as a preferred…