
दरभंगा: दरभंगा जिले के हनुमाननगर प्रखंड अंतर्गत पटोरी में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3 का भव्य उद्घाटन बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन साहनी और सांसद गोपाल जी ठाकुर ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के शुरू होने से जिले सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।
प्रारंभिक कक्षाओं से होगी पढ़ाई की शुरुआत
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री मदन साहनी ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) के नियमों के अनुसार फिलहाल विद्यालय में बालवाटिका-1, बालवाटिका-2, बालवाटिका-3 तथा कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विद्यालय का विस्तार करते हुए इसे नर्सरी से प्लस-टू तक विकसित किया जाएगा।
ग्रामीण छात्रों को मिलेगा आधुनिक शिक्षण वातावरण
मंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के संचालन से छात्र-छात्राओं को केंद्रीय विद्यालय संगठन के उत्कृष्ट शैक्षणिक पाठ्यक्रम, आधुनिक शिक्षण पद्धति और बेहतर शैक्षणिक वातावरण का लाभ मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगी।
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि: सांसद गोपाल ठाकुर
सांसद गोपाल जी ठाकुर ने केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3 की स्थापना को दरभंगा के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा के नए अवसर खोलेगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय अभिभावक, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। लोगों ने केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यालय के पूर्ण विस्तार के बाद आसपास के हजारों विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।


