बांका में सनसनी: महिला का कटा सिर नदी से बरामद, दूसरी घटना में युवक की तलवार से गला रेतकर हत्या

बांका: बिहार के बांका जिले में रविवार को दो अलग-अलग दिल दहला देने वाली वारदातों ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। एक ओर जिलेबियामोड़ थाना क्षेत्र में एक महिला का कटा हुआ सिर और खून से सने कपड़े बरामद हुए, वहीं दूसरी ओर बेलहर थाना क्षेत्र में शौच के लिए गए एक युवक की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी गई। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी है।

नदी किनारे मिला महिला का कटा सिर, धड़ की तलाश जारी

जिलेबियामोड़ थाना क्षेत्र के डुमरहार गांव के पास छोटी नदी (जोर) से पुलिस ने एक महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बोरे में खून से सने कपड़े भी मिले हैं। हालांकि महिला का धड़ अभी तक बरामद नहीं हो सका है।

मृतका की पहचान रांगा गांव निवासी विकास पंडित की 26 वर्षीय पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के पिता सुखदेव पंडित और भाई ने मौके पर पहुंचकर पहचान की।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रियंका की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। पुलिस ने पति, सास और एक नाबालिग ननद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य परिजन फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार महिला का धड़ तलाशने के लिए डॉग स्क्वायड और एसएफएल टीम की मदद ली जाएगी।

बेलहर में युवक की तलवार से हत्या

दूसरी घटना बेलहर थाना क्षेत्र के तरैया गांव की है, जहां 30 वर्षीय अजीत कुमार यादव की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी गई।

जानकारी के अनुसार अजीत शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान गांव के विकास यादव ने उन पर तलवार से हमला कर दिया। गले पर गहरा वार होने से अजीत की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। ग्रामीण उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता ने आरोपी विकास यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी पहले से कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और जेल भी जा चुका है।

आरोपी की तलाश में छापेमारी

बेलहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है।

एक ही दिन में सामने आई इन दो जघन्य वारदातों के बाद बांका जिले में दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों में जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

  • ये भी पढ़े..

    WJAI बिहार प्रदेश कार्यकारिणी का गठन, अक्षय आनंद बने प्रदेश अध्यक्ष, सागर कुमार को महासचिव की जिम्मेदारी

    Share Add as a preferred…

    भारत तिवारी एनकाउंटर के विरोध में मोकामा में फूटा युवाओं का आक्रोश, कैंडल मार्च में गूंजे न्याय के नारे

    Share Add as a preferred…