
पटना: बिहार में इस साल के अंत तक प्रस्तावित पंचायत चुनाव को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने साफ किया है कि इस बार पंचायत चुनाव नए आरक्षण रोस्टर के आधार पर कराए जाएंगे। साथ ही सभी छह पदों के लिए मल्टी पोस्ट ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा।
10 साल बाद बदलेगा आरक्षण रोस्टर
मंत्री दीपक प्रकाश ने बताया कि पुराने आरक्षण रोस्टर को लागू हुए 10 वर्ष पूरे हो चुके हैं। ऐसे में आगामी पंचायत चुनाव में नया आरक्षण रोस्टर लागू किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशन में रोस्टर तैयार करने की प्रक्रिया जारी है।
चुनाव की तैयारियां तेज, EVM से होगा मतदान
उन्होंने कहा कि पंचायतों की जनसंख्या का प्रकाशन किया जा चुका है और निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव की सभी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। ईवीएम की व्यवस्था भी की जा रही है ताकि चुनाव समय पर संपन्न कराया जा सके।
मंत्री के अनुसार इस बार पंचायत के सभी 6 पदों के लिए मल्टी पोस्ट ईवीएम के जरिए मतदान कराया जाएगा। इससे मतदान प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और अधिक सुविधाजनक होगी।
परिसीमन के कारण नहीं टलेगा चुनाव
परिसीमन के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि फिलहाल उसके आधार पर चुनाव कराना संभव नहीं है। यदि परिसीमन का इंतजार किया गया तो पंचायत चुनाव में अनावश्यक देरी होगी। परिसीमन की प्रक्रिया लंबी और समय लेने वाली होती है।
उन्होंने बताया कि परिसीमन को लेकर कुछ जनप्रतिनिधियों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हाईकोर्ट ने इस मामले में राज्य निर्वाचन आयोग को निर्णय लेने के लिए दो महीने का समय दिया है।
समय पर होंगे पंचायत चुनाव
दीपक प्रकाश ने भरोसा दिलाया कि बिहार में पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर कराए जाएंगे। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग पूरी तैयारी के साथ काम कर रहे हैं।


