बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: दो स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर, 3 युवकों की मौत, 9 घायल

बिहार के बेगूसराय जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सिघौंल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के पास फोरलेन एनएच-31 पर हुआ, जहां दो तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

तीन दोस्तों की मौके पर मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पोखरिया निवासी ऋषभ कुमार (26), सन्नी कुमार (24) और हिमांशु कुमार (22) के रूप में हुई है। वहीं घायल हुए लोगों में रुपेश कुमार, करण कुमार और रवि कुमार सहित अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों का इलाज बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

जन्मदिन मनाकर गंगा स्नान जा रहे थे दोस्त

मृतकों के दोस्त राहुल कुमार ने बताया कि सभी छह दोस्त एक साथी का जन्मदिन मनाने के बाद गंगा स्नान के लिए सिमरिया घाट जा रहे थे। स्कॉर्पियो सन्नी कुमार चला रहे थे। अंग्रेजी ढाला के पास सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी सीधी टक्कर हो गई।

राहुल कुमार ने बताया कि हादसे में घायल करण कुमार का जन्मदिन था। उन्होंने कहा कि वे भी साथ जाने वाले थे, लेकिन दोस्तों ने उन्हें गाड़ी चलाने से मना कर दिया, जिसके बाद वह वापस लौट गए। कुछ देर बाद हादसे की सूचना मिली।

दूसरी स्कॉर्पियो बारात जा रही थी

दूसरी स्कॉर्पियो में सवार छह युवक बखरी थाना क्षेत्र से विनोदपुर बारात में जा रहे थे। हादसे में विकास, राजा, प्रियांशु, लक्ष्मण, प्रिंस और ज्योतिष घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।

100 किमी/घंटा से अधिक रफ्तार की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और उनकी गति करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोग और सिघौंल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ियों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

सदर डीएसपी आनंद पांडेय ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि नौ लोग घायल हैं। सभी घायलों का इलाज जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर पर BJP नेता नागमणि के बयान से बवाल, मृतक की तुलना ‘कुत्ते-बिल्ली’ से की; पुराना राम वाला वीडियो भी वायरल

    Share Add as a preferred…

    बिहार की राजनीति में हलचल! पहले वशिष्ठ नारायण सिंह से मिले नीतीश कुमार, फिर पहुंचे JDU कार्यालय; क्या होने वाला है बड़ा फैसला?

    Share Add as a preferred…