कटिहार में जंगली जानवर का आतंक: देर रात कई लोगों पर हमला, गांव में दहशत, वन विभाग की तलाश जारी

बिहार के कटिहार जिले के डंडखोरा थाना क्षेत्र स्थित सोती गांव में रविवार देर रात एक जंगली जानवर के हमले से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार लकड़बग्घे जैसे दिखने वाले जानवर ने महिलाओं, बच्चों और युवकों समेत एक दर्जन से अधिक लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि यह पागल गीदड़ या सियार भी हो सकता है।

बिजली गुल होने के दौरान हुआ हमला

घायल युवक हर्ष कुमार राय ने बताया कि रात में बिजली नहीं थी और कुछ युवक गांव के पास पुल पर बैठे थे। तभी एक व्यक्ति ने आकर बताया कि शादी समारोह से लौटते समय उस पर किसी जंगली जानवर ने हमला किया है। लोग उसकी मदद की बात कर ही रहे थे कि अचानक वही जानवर पीछे से आया और युवकों पर भी हमला कर दिया।

हर्ष कुमार राय ने बताया कि रात करीब 10 से 11 बजे के बीच यह घटना हुई। उनके हाथ में भी गंभीर चोट आई है।

गांव में घुसकर कई लोगों को किया घायल

पहले हमले के बाद जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन जंगली जानवर गांव में घुस गया और कई अन्य लोगों पर भी हमला कर दिया। घायलों को पहले डंडखोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कई लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस और वन विभाग अलर्ट

डंडखोरा थाना प्रभारी विजय कुमार महतो ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग को भी बुलाया गया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह पागल गीदड़ या सियार भी हो सकता है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

वन विभाग की टीम ने देर रात तक इलाके में सर्च अभियान चलाया, लेकिन जानवर का पता नहीं चल सका। फिलहाल टीम गांव में कैंप कर रही है और उसकी तलाश जारी है।

ग्रामीणों में भय का माहौल

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। अभिभावक बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। शाम होते ही गलियां सुनसान हो जाती हैं और ग्रामीण टॉर्च तथा लाठियों के सहारे रातभर पहरा दे रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगली जानवर को जल्द से जल्द पकड़कर इलाके को भयमुक्त बनाया जाए। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जंगली जानवर को देखने पर उसके पास जाने की कोशिश न करें और तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना दें।

  • ये भी पढ़े..

    ‘छोटी मछलियां गिरफ्तार, बड़े खिलाड़ी फरार’—टेंडर घोटाले पर तेजस्वी का वार

    Share Add as a preferred…

    पंचायतों के सर्वांगीण विकास में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण : जिलाधिकारी अलंकृता पांडे

    Share Add as a preferred…