पटना पुलिस को बड़ी सफलता, सोनू-मोनू गैंग का शूटर विपुल कुमार गिरफ्तार

पटना जिले के मोकामा और बाढ़ क्षेत्र में सक्रिय कुख्यात सोनू-मोनू गैंग को पुलिस ने बड़ा झटका दिया है। पंचमहाला थाना पुलिस ने लखीसराय के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र से गैंग के शूटर विपुल कुमार को गिरफ्तार किया है। वह हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला और गंगा किनारे अवैध बालू खनन सहित कई संगीन मामलों में वांछित था।

पुलिस ने आरोपी से लंबी पूछताछ के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे बाढ़ न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पंचमहाला थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि विपुल कुमार के खिलाफ कुल पांच गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अवैध बालू खनन मामले में था वांछित

गिरफ्तारी का संबंध 23 मार्च को पंचमहाला थाना क्षेत्र में गंगा किनारे चल रहे अवैध बालू खनन मामले से है। पुलिस को सूचना मिली थी कि नौरंगा जलालपुर दियारा इलाके में जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टरों की मदद से अवैध खनन किया जा रहा है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अमन कुमार और कन्हैया कुमार को गिरफ्तार किया था। उनके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो खाली खोखे, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई थी।

पुलिस टीम पर किया था हमला

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस अन्य वाहनों का पीछा कर रही थी, तभी मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों पर विपुल कुमार अपने दर्जनभर हथियारबंद साथियों के साथ पहुंचा और हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने लाठी-डंडों और हथियारों के बल पर पुलिस से जब्त मोटरसाइकिल छीन ली और मौके से फरार हो गए।

लखीसराय से दबोचा गया आरोपी

पुलिस को सूचना मिली कि विपुल कुमार लखीसराय में छिपा हुआ है और जल्द ही दूसरी जगह भागने की तैयारी में है। इसके बाद पंचमहाला थाना पुलिस ने रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के शेखपुरा रोड पर जाल बिछाया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर गैंग के अन्य सदस्यों और अवैध बालू खनन नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

पटना पुलिस को बड़ी सफलता, सोनू-मोनू गैंग का शूटर विपुल कुमार गिरफ्तार

  • ये भी पढ़े..

    ‘इस बार घर की हालत बदल दूंगा’… मजदूरी करने गए थे, लेकिन लौटे कफन में… दिल दहला देगी ये कहानी

    Share Add as a preferred…

    “जिसने बेटे को मारा, उसी पर कैसे करें भरोसा?” परिवार ने पुलिस सुरक्षा लेने से किया इनकार

    Share Add as a preferred…