गोपालगंज में पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, सड़क पर बिखरी शराब की खेप; पुलिस पहुंचने से पहले बोतलें ले गए लोग

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें लदी भारी मात्रा में विदेशी शराब सड़क पर बिखर गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बची हुई शराब तथा दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी। मामला भोरे थाना क्षेत्र के भोरे-कटेया मुख्य मार्ग का है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश नंबर की कार भोरे बाजार स्थित हीरो एजेंसी के समीप तेज गति से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हालांकि, इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। शुरुआत में लोगों को लगा कि यह सामान्य सड़क दुर्घटना है, लेकिन कार के अंदर बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां और बोतलें देखकर भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके पर मौजूद लोगों में शराब की बोतलें उठाने की होड़ मच गई। जिसे जितनी बोतलें मिलीं, वह उन्हें लेकर वहां से निकल गया। इस दौरान सड़क पर बिखरी अधिकांश शराब लोगों द्वारा उठा ली गई।

सूचना मिलने के बाद भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार सवार कथित तस्कर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल से बची हुई शराब और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ। अब पुलिस कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर वाहन मालिक और कथित शराब तस्करों की पहचान में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी सप्लाई किस स्थान पर की जानी थी।

पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तकनीकी जांच, कार मालिक की पहचान और शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

  • ये भी पढ़े..

    सेवा ही सबसे बड़ा सम्मान: 100 वर्ष के हुए पद्मश्री डॉ. दिलीप कुमार सिंह, गरीबों की सेवा को बताया जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर में अवैध गैस गोदाम पर बड़ा खुलासा, मापी से पहले रातोंरात तोड़ा गया गोदाम और हटाए गए सिलेंडर

    Share Add as a preferred…