पटना में दिनदहाड़े गोली मारकर लूट! सब्जी कारोबारी के पैर में मारी गोली, सोने की चेन छीनकर फरार हुए बदमाश

पटना/धनरूआ: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। बुधवार को धनरूआ थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सब्जी कारोबारी को गोली मारकर घायल कर दिया और उसके गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पटना जा रहे कारोबारी को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, अरवल जिले के किंजर थाना क्षेत्र निवासी गोपा कुमार (30 वर्ष) अपने चालक प्रह्लाद के साथ पटना जा रहे थे। इसी दौरान धनरूआ के दरधा पुल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार के बल पर उनका रास्ता रोक लिया।

चेन छीनने का विरोध पड़ा भारी

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने पहले कारोबारी के गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। जब गोपा कुमार ने विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके दाहिने पैर में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाश सोने की चेन लूटकर मौके से फरार हो गए।

घायल कारोबारी पटना रेफर

घटना की सूचना मिलते ही धनरूआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कारोबारी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया।

क्या बोले एसडीपीओ?

धनरूआ के एसडीपीओ कन्हैया कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

“कारोबारी अपने चालक के साथ पटना जा रहे थे। दरधा पुल के पास बदमाशों ने हथियार के बल पर उन्हें रोका। सोने की चेन छीनने का विरोध करने पर कारोबारी के पैर में गोली मार दी गई और चेन लूटकर अपराधी फरार हो गए।”

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों के भागने के रूट और उनकी पहचान को लेकर जांच तेज कर दी गई है।

लोगों में बढ़ा डर

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि अब सड़क पर निकलना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बड़ा सवाल

राजधानी पटना से सटे इलाके में खुलेआम गोली मारकर लूट की घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब तक इन अपराधियों को गिरफ्तार किया जाता है।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में प्रशांत किशोर का बड़ा हमला: “सिर्फ पुलिस नहीं, आदेश देने वालों की भी हो जांच”

    Share Add as a preferred…

    खान सर-रोशन आनंद विवाद में अवध ओझा की एंट्री! बोले- “मैंने पहले ही खान सर को मैसेज कर कहा था, मामला बढ़ाओ मत”

    Share Add as a preferred…