
पटना: ज्ञान बिंदु GS एकेडमी के डायरेक्टर रोशन आनंद और चर्चित शिक्षक फैजल खान के बीच चल रहे विवाद में अब देश के प्रसिद्ध शिक्षक अवध ओझा की एंट्री हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में अवध ओझा ने दावा किया कि विवाद शुरू होते ही उन्होंने खान सर को व्यक्तिगत रूप से मैसेज कर मामले को शांत करने की सलाह दी थी।
“मैंने कहा था- भाई, मामला मत बढ़ाओ”
अवध ओझा ने कहा कि विवाद की शुरुआत में ही उन्होंने खान सर को संदेश भेजा था।
“मैंने खान सर को मैसेज किया था कि यार, ये मामला मत बढ़ाओ। टीचरों को आपस में नहीं लड़ना चाहिए। समझौता करो, सुलह करो। वह पूरा मैसेज आज भी मेरे मोबाइल में सुरक्षित है।”
उन्होंने बताया कि उस समय उनके पास रोशन आनंद का नंबर नहीं था, इसलिए उन्होंने सीधे खान सर से संपर्क किया।
“हमें नहीं पता था अंदर की कहानी क्या है”
ओझा ने कहा कि शुरुआत में उन्हें भी यही लगा कि गरीब बच्चों को सस्ती शिक्षा देने का काम हो रहा है, इसलिए उन्होंने मामले को शांत कराने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद की वास्तविकता जाने बिना निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है और बाद में कई नई बातें सामने आईं।
खान सर की PR टीम पर साधा निशाना
वीडियो में अवध ओझा ने खान सर की कथित पीआर रणनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया और आईटी सेल के जरिए किसी की छवि बनाई या बिगाड़ी जा सकती है।
“खान सर की पीआर टीम को मैं सलाम करता हूं। मेरी आज तक कोई पीआर टीम नहीं रही।”
IAS तैयारी और ‘बर्तन मांजने’ वाली कहानी पर उठाए सवाल
अवध ओझा ने कपिल शर्मा शो में खान सर द्वारा सुनाई गई उस कहानी पर भी सवाल उठाए, जिसमें गरीब छात्रों और बर्तन मांजने वाली लड़की के IAS की तैयारी करने का जिक्र किया गया था।
उनका कहना था कि UPSC जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी करने वाला छात्र पढ़ाने की क्षमता भी रखता है और ऐसी कहानियों को लेकर गंभीरता से सोचने की जरूरत है।
“खान सर की सफलता से लोग चिढ़ते हैं”
हालांकि आलोचना के साथ-साथ अवध ओझा ने खान सर की लोकप्रियता और सफलता को भी स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि खान सर बहुत आगे निकल गए हैं और उनकी सफलता से कई लोग असहज महसूस करते हैं।
“आज बहुत लोग खान सर पर हमला करके अपना नाम चमका रहे हैं। कुछ लोग उनकी लोकप्रियता और सफलता से भी चिढ़ते हैं।”
विवाद में नया मोड़
रोशन आनंद और खान सर के बीच चल रहे विवाद में अवध ओझा के इस बयान के बाद बहस और तेज हो गई है। शिक्षा जगत से जुड़े कई लोग अब इस मामले पर खुलकर अपनी राय रख रहे हैं।
फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं और यह विवाद सोशल मीडिया से लेकर कोचिंग जगत तक चर्चा का विषय बना हुआ है।


