प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत! दो बच्चियों के साथ महिला की मौत से गांव में मातम

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रफीगंज प्रखंड के अरथुआ गांव में एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ कथित रूप से आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

मृतकों की पहचान अरथुआ गांव निवासी पिंटू चंद्रवंशी की पत्नी 30 वर्षीय सोनी देवी, उनकी 3 वर्षीय पुत्री सुहानी कुमारी और डेढ़ वर्षीय पुत्री रानी कुमारी के रूप में हुई है।

नदी में मिले तीनों के शव, गांव में मचा कोहराम

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मां और दो मासूम बच्चियों की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद?

मृतका की फुआ कुसमी देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सोनी देवी ने वर्ष 2018 में पिंटू चंद्रवंशी के साथ प्रेम विवाह किया था।

परिजनों के अनुसार शादी के शुरुआती दिनों में सबकुछ सामान्य था, लेकिन धीरे-धीरे पति और ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया। महिला को लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि आए दिन मारपीट और झगड़े होते थे, जिससे सोनी काफी परेशान रहती थी।

परिजनों का आरोप

“शादी के बाद पति और ससुराल वालों द्वारा सोनी के साथ मारपीट की जाती थी। पति का व्यवहार उसके प्रति ठीक नहीं था। बात-बात पर विवाद होता था। इन्हीं परिस्थितियों से तंग आकर उसने यह कदम उठाया है।”

पुलिस ने क्या कहा?

कासमा थाना अध्यक्ष अक्षयवर सिंह ने बताया कि महिला और उसके दोनों बच्चों की मौत डूबने से हुई है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। हालांकि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।

थानाध्यक्ष का बयान

“प्रारंभिक जांच में पति से अनबन के कारण महिला द्वारा दोनों बच्चों के साथ आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।”

अवैध खनन पर भी उठे सवाल

घटना के बाद इलाके में नदी में हुए अवैध बालू खनन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

अंचलाधिकारी भारतेंदु सिंह ने कहा कि नदी में अवैध उत्खनन के कारण कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विधायक पहुंचे घटनास्थल

घटना की सूचना मिलने के बाद रफीगंज के विधायक प्रमोद कुमार सिंह भी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।

उन्होंने कहा कि धावा नदी में अत्यधिक उत्खनन के कारण लगातार डूबने की घटनाएं हो रही हैं। इस स्थान पर पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है।

विधायक का बयान

“यह अत्यंत दुखद और हृदय विदारक घटना है। पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।”

कई सवाल छोड़ गई घटना

मां और दो मासूम बच्चियों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या घरेलू कलह इस त्रासदी की वजह बनी? क्या प्रताड़ना के आरोप सही हैं? या फिर इसके पीछे कोई और कारण है?

इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएंगे।

फिलहाल अरथुआ गांव में मातम पसरा है और हर आंख नम है।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में प्रशांत किशोर का बड़ा हमला: “सिर्फ पुलिस नहीं, आदेश देने वालों की भी हो जांच”

    Share Add as a preferred…

    खान सर-रोशन आनंद विवाद में अवध ओझा की एंट्री! बोले- “मैंने पहले ही खान सर को मैसेज कर कहा था, मामला बढ़ाओ मत”

    Share Add as a preferred…