
बिहार के रोहतास जिले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव सह मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू चंद्रवंशी ने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी, जान से मारने की धमकी और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। घटना को लेकर डेहरी नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जबकि साइबर अपराध से जुड़े पहलुओं की जांच के लिए साइबर थाना में भी शिकायत दी गई है।
इंस्टाग्राम वीडियो से शुरू हुआ विवाद
गुड्डू चंद्रवंशी के अनुसार उन्हें सूचना मिली कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जखी बीघा निवासी अमित सिंह राजपूत की आईडी से उनका एक वीडियो अपलोड किया गया है। आरोप है कि वीडियो में उनके खिलाफ आपत्तिजनक भाषा और गाली-गलौज का प्रयोग किया गया तथा उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
‘तुम्हें बम से उड़ा देंगे’ कहकर दी धमकी
राजद नेता का आरोप है कि वीडियो के संबंध में बातचीत करने के लिए वह अपने सहयोगियों के साथ आरोपी के घर पहुंचे। वहां पहले आरोपी के बड़े भाई से मुलाकात हुई। कुछ देर बाद अमित सिंह राजपूत मौके पर पहुंचा। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर आरोपी ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि “तुम्हें बम से उड़ा देंगे।”
कुर्सी और डंडे से हमला करने का आरोप
गुड्डू चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि धमकी के बाद आरोपी और उसके साथियों ने उन पर कुर्सी और डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की कोशिश की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि हमले के दौरान उनकी जेब में रखे 17,200 रुपये भी निकाल लिए गए।
‘राजनीतिक साजिश के तहत बदनाम करने की कोशिश’
राजद नेता ने पूरे मामले को सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि उनकी बढ़ती लोकप्रियता और सामाजिक सक्रियता से कुछ लोग परेशान हैं। इसी कारण सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर उनकी छवि खराब करने और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत हमला नहीं बल्कि एक जनप्रतिनिधि और राजनीतिक कार्यकर्ता की प्रतिष्ठा पर हमला है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
नगर थाना और साइबर थाना में शिकायत
घटना के बाद गुड्डू चंद्रवंशी ने डेहरी नगर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक सामग्री अपलोड करने और उसे वायरल करने के मामले में साइबर थाना में भी शिकायत दी गई है।
क्या बोली पुलिस?
मामले पर डेहरी एएसपी अतुलेश झा ने कहा कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। सोशल मीडिया से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रोहतास की राजनीति में चर्चित चेहरा हैं गुड्डू चंद्रवंशी
गुड्डू चंद्रवंशी रोहतास जिले की राजनीति में एक चर्चित नाम हैं। वह वर्तमान में राजद पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव होने के साथ-साथ मुख्य पार्षद प्रतिनिधि की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने डेहरी विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था।
फिलहाल इस मामले के सामने आने के बाद रोहतास की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


