प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी, ग्रामीणों ने पकड़कर मंदिर में कराई शादी; बेतिया की घटना चर्चा में

बिहार के बेतिया जिले से प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक की मुलाकात का अंत शादी में हो गया। ग्रामीणों ने प्रेमी युगल को साथ देखकर पकड़ लिया और पूछताछ के बाद दोनों की मंदिर में शादी करा दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक

मामला शिकारपुर थाना क्षेत्र के केहुनिया गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात गांव के कुछ लोगों ने एक युवक और युवती को एकांत स्थान पर देखा। दोनों को रोककर पूछताछ की गई, जिसके बाद उनके बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई।

ग्रामीणों ने दोनों को गांव में ले जाकर परिजनों और अन्य लोगों के सामने पेश किया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने रिश्ते को स्वीकार कर लिया।

पहले शादी से हिचकिचाया युवक, फिर हुआ राजी

ग्रामीणों के अनुसार शुरुआत में युवक शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद वह राजी हो गया। इसके बाद गांव वालों ने दोनों को मंदिर ले जाकर विवाह की रस्में पूरी कराईं।

मंदिर में युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया। शादी के दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

स्थानीय लोगों के मुताबिक युवती की पहले शादी हो चुकी थी। करीब पांच वर्ष पहले उसका विवाह हुआ था, लेकिन डेढ़ साल पहले उसके पति का निधन हो गया। इसके बाद वह अपने मायके में रह रही थी।

इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी पहचान युवक से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि युवक पहले भी कई बार युवती से मिलने गांव आ चुका था।

पुलिस पहुंची मौके पर

घटना की जानकारी मिलने के बाद शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक और युवती दोनों बालिग हैं तथा उन्होंने अपनी मर्जी से रिश्ते को स्वीकार किया है। पूछताछ के बाद दोनों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया।

शादी पर उठ रहे सवाल

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे प्रेम कहानी का सुखद अंत बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि सार्वजनिक दबाव में कराई गई शादी पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच बहस जारी है।

  • ये भी पढ़े..

    असम विमान हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया शोक, कहा- राष्ट्र वीर वायुयोद्धाओं के सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेगा

    Share Add as a preferred…

    बापू टावर में ‘प्रश्न के रूप में म्यूजियम’ पर विशेष व्याख्यान, संग्रहालयों को संवाद और सामाजिक विमर्श का केंद्र बनाने पर जोर

    Share Add as a preferred…