बेगूसराय के गंगोत्री गंगे मॉल में लगी आग, समय रहते टला बड़ा हादसा

बेगूसराय शहर के जीडी कॉलेज रोड स्थित गंगोत्री गंगे कॉम्प्लेक्स मॉल में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग मॉल के प्रथम तल पर स्थित फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में लगी थी। धुआं उठता देख कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया, लेकिन फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

बताया जा रहा है कि सुबह जब कर्मचारी शोरूम खोलने पहुंचे तो अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। जांच करने पर शोरूम के एक हिस्से में आग लगी मिली। इसके बाद तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम आधा दर्जन से अधिक दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

अग्निशमन विभाग की अधिकारी श्वेता कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। आग फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्शन तक सीमित रही, जिससे बड़े नुकसान और जनहानि से बचाव हो गया।

मॉल संचालक सुमित कुमार सिंह ने बताया कि शोरूम के अंदर सबसे पहले एक सोफे में आग लगी दिखाई दी, जिससे पूरे फ्लोर में धुआं फैल गया। उन्होंने कहा कि यदि समय पर आग का पता नहीं चलता तो नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था।

घटना में कुछ फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग की खबर फैलते ही मॉल परिसर और आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

 

  • ये भी पढ़े..

    “आलोचनाओं के बीच एक्शन में निशांत कुमार, दिल्ली से लौट सीधे पहुंचे घायलों के पास”

    Share Add as a preferred…

    “विद्या की कसम, फायरिंग हुई थी”—खान सर के नए वीडियो ने विवाद को दिया नया मोड़

    Share Add as a preferred…