“आलोचनाओं के बीच एक्शन में निशांत कुमार, दिल्ली से लौट सीधे पहुंचे घायलों के पास”

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद अस्पताल में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से छह मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में वेंटिलेटर में हुए ब्लास्ट के बाद आग और धुएं के तेजी से फैलने की बात सामने आई है।

घटना की जानकारी मिलते ही तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह मौके पर पहुंचे और आईसीयू सहित पूरे अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में वेंटिलेटर ब्लास्ट हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने अस्पताल के प्रोपराइटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है। साथ ही अस्पताल भवन की तकनीकी जांच कराने और बिल्डिंग बायलॉज के अनुपालन की भी जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन यह भी पता लगाएगा कि अस्पताल के पास सभी आवश्यक अनुमति और सुरक्षा प्रमाणपत्र थे या नहीं।

हादसे की जांच के लिए एडीएम आपदा प्रबंधन की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति में सिविल सर्जन और एसडीओ को भी शामिल किया गया है। जांच टीम को दो दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने हादसे में जान गंवाने वाले छह मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं घायल मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

घटना के कारणों का पता लगाने के लिए अस्पताल के सभी सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए गए हैं। जांच एजेंसियां फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं।

इस बीच बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अपनी दिल्ली यात्रा बीच में छोड़कर पटना लौट आए। उन्होंने जयप्रभा मेदांता अस्पताल पहुंचकर भर्ती घायलों का हालचाल लिया और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हादसे में घायल सभी मरीजों के इलाज का पूरा खर्च बिहार सरकार उठाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी मरीज के उपचार में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।

मुजफ्फरपुर का यह अग्निकांड अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।

  • ये भी पढ़े..

    बेगूसराय के गंगोत्री गंगे मॉल में लगी आग, समय रहते टला बड़ा हादसा

    Share Add as a preferred…

    “विद्या की कसम, फायरिंग हुई थी”—खान सर के नए वीडियो ने विवाद को दिया नया मोड़

    Share Add as a preferred…