
बुलो मंडल ने भागलपुरवासियों को संबोधित करते हुए कहा है कि हाल ही में आए भीषण आँधी-तूफान के कारण जिले की बिजली व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति को पूरी तरह सामान्य करना है।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि उन्होंने बिजली विभाग के एमडी राहुल कुमार को निर्देश दिया है कि व्यवस्था पूरी तरह बहाल होने तक वे भागलपुर में ही कैंप करें और राहत कार्यों की लगातार निगरानी करें।
मंत्री के अनुसार, विभागीय कर्मचारियों ने पूरे दिन मेहनत कर कई तकनीकी समस्याओं को दूर किया था, लेकिन बीती रात कुछ नई बाधाएं उत्पन्न हो जाने से बहाली कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। इसके बावजूद बिजली विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ मरम्मत कार्य में जुटा हुआ है।
उन्होंने जानकारी दी कि मुंगेर और कटिहार से अतिरिक्त तकनीकी टीमों को भागलपुर भेजा गया है, जो स्थानीय इंजीनियरों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं। मंत्री ने कहा कि वे स्वयं स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों के साथ नियमित संवाद कर रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री ने भरोसा जताया कि जल्द ही सभी फॉल्ट दुरुस्त कर लिए जाएंगे और बिजली आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। साथ ही उन्होंने इस कठिन समय में लोगों से धैर्य बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की।


