मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग, रास्ता पूछने के बहाने महिला से डेढ़ लाख की चेन झपटी

मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बीच ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की बड़ी वारदात सामने आई है। बाइक सवार बदमाशों ने पता पूछने के बहाने घर के बाहर आई महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

रास्ता पूछने के बहाने दिया वारदात को अंजाम

घटना ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के राहुल नगर रोड नंबर-2 की है। जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात बदमाश बाइक से एक घर के बाहर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। आवाज सुनकर घर की महिला विनीता ठाकुर बाहर निकलीं। बदमाशों ने पहले ब्रह्मपुरा जाने का रास्ता और एक पता पूछना शुरू किया।

महिला जब उन्हें रास्ता बताने लगीं, तभी बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए।

डेढ़ लाख की चेन लेकर फरार हुए बदमाश

पीड़िता विनीता ठाकुर ने बताया कि छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये थी। बदमाश काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार होकर आए थे। घटना के बाद महिला बदहवास हालत में रोती-बिलखती नजर आईं।

वारदात की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दोनों अपराधी घटना के बाद तेज रफ्तार में तंग गलियों से भागते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि बाइक की तेज गति और कैमरे की दूरी के कारण बदमाशों के चेहरे स्पष्ट नहीं दिख सके हैं।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जब रिहायशी इलाकों में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता आखिर कहां जाए। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है।

जल्द गिरफ्तारी का दावा

मामले को गंभीरता से लेते हुए Vinita Sinha ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • ये भी पढ़े..

    नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो हथियार और 31 कारतूस के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    प्रथम पंच ग्राममाता सोनिया देवी की पुण्यतिथि पर संतमत सत्संग, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था

    Share Add as a preferred…