
बिहार के वैशाली जिले से अपराध से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। हाजीपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित हिलालपुर गांव में हत्या की साजिश को ग्रामीणों ने समय रहते नाकाम कर दिया। ग्रामीणों ने 50 हजार रुपये की सुपारी लेकर हत्या करने पहुंचे एक आरोपी को हथियार समेत पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक पकड़े गए आरोपी की पहचान भूषण कुमार के रूप में हुई है, जो राजा पाकर थाना क्षेत्र के चकियारी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। ग्रामीणों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और नशीला पदार्थ हीरोइन बरामद किया गया।
आरोपी के पकड़े जाने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आरोपी को भीड़ से छुड़ाया और हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
दो साल पुरानी दुश्मनी बनी साजिश की वजह
बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले की जड़ दो साल पुरानी रंजिश है। वर्ष 2024 में गांव के दो दोस्तों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान अमरजीत कुमार और उसके भाई अंकित सिंह ने अपने दोस्त रंजीत कुमार यादव की आंख में नुकीली कांटी घोंप दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
कुछ समय बाद रंजीत कुमार यादव ने बदला लेते हुए अमरजीत कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में रंजीत यादव और उसके कई साथियों को जेल भी जाना पड़ा था। हालांकि जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी खत्म नहीं हुई और गांव में लगातार तनाव बना रहा।
सुभाष यादव की हत्या की थी साजिश
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाल के दिनों में अंकित सिंह और उसके परिवार के लोग रंजीत यादव और उसके परिजनों की रेकी करवा रहे थे। बताया जा रहा है कि रंजीत यादव के भाई सुभाष कुमार यादव की हत्या की योजना बनाई गई थी, जिसके लिए 50 हजार रुपये की सुपारी दी गई थी।
इसी साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपी भूषण कुमार गांव पहुंचा था, लेकिन वारदात से पहले ही ग्रामीणों को शक हो गया और उन्होंने उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोपी समय रहते नहीं पकड़ा जाता तो गांव में एक और बड़ी वारदात हो सकती थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
ग्रामीणों ने इस मामले में पंकज सिंह को साजिश का मास्टरमाइंड बताया है। बताया जा रहा है कि पंकज सिंह, अंकित सिंह और मृतक अमरजीत सिंह का चाचा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


