
बिहार के Samastipur जिले के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक बेहद भयावह घटना सामने आई, जहां प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान पांच महिलाएं और एक बच्चा चलती मालगाड़ी के नीचे फंस गए। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की सांसें थम गईं। हालांकि महिलाओं की सूझबूझ और किस्मत से सभी की जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक सभी लोग रोसड़ा से वैशाली जिले के जंदाहा में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। शाहपुर पटोरी स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए वे प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के नीचे से गुजरते समय अचानक ट्रेन चल पड़ी।
ट्रेन चलने से मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही मालगाड़ी आगे बढ़ी, वहां मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। महिलाएं और बच्चा ट्रेन के नीचे ही फंस गए। हालात बेहद डरावने हो गए थे और लोगों को बड़ा हादसा होने का डर सताने लगा।
पटरी पर लेटकर बचाई जान
खतरे को भांपते हुए महिलाओं ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और सभी लोग पटरी पर लेटकर प्लेटफॉर्म की दीवार से सट गए। मालगाड़ी उनके ऊपर से गुजरती रही और स्टेशन पर मौजूद लोग दुआ करते रहे कि कोई अनहोनी न हो।
कुछ मिनट बाद जब पूरी मालगाड़ी गुजर गई, तब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
चार लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
घटना में सोनाली देवी और जयमाला देवी को गंभीर चोटें आईं, जबकि ममता देवी और एक बच्चे को हल्की चोट लगी। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर जांच के लिए रेफर कर दिया गया।
वायरल हुआ घटना का वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्टेशन पर मौजूद लोगों की चीख-पुकार और धीरे-धीरे आगे बढ़ती मालगाड़ी साफ दिखाई दे रही है।
घटना के बाद रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की जागरूकता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। रेलवे नियमों के मुताबिक किसी भी ट्रेन या मालगाड़ी के नीचे से गुजरना बेहद खतरनाक और प्रतिबंधित माना जाता है।


