
अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। Indian Army के आर्मी भर्ती कार्यालय दानापुर ने ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की तारीखों का ऐलान कर दिया है। यह परीक्षा पटना और आरा में आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 47,958 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जानकारी के अनुसार दानापुर आर्मी भर्ती कार्यालय के अंतर्गत आने वाले सात जिलों के अभ्यर्थी इस परीक्षा में भाग लेंगे। इनमें Patna, Ara, बक्सर, वैशाली, गोपालगंज, सिवान और सारण जिले के युवा शामिल हैं। अग्निवीर योजना के तहत बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है।
अलग-अलग पदों के लिए होगी परीक्षा
ऑनलाइन परीक्षा विभिन्न श्रेणियों के लिए आयोजित की जाएगी। इनमें अग्निवीर जीडी, सोल्जर टेक्निकल, टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट, ट्रेड्समैन, क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल जैसे पद शामिल हैं। सभी पदों की परीक्षाएं अलग-अलग तारीखों पर होंगी।
जल्द जारी होंगे एडमिट कार्ड
आर्मी भर्ती कार्यालय की ओर से बताया गया है कि एडमिट कार्ड जल्द ही जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग टाइम और जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
जरूरी दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी लोकेश कुमार झा ने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को तय समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। साथ ही आधार कार्ड, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य होगा। किसी भी तरह की लापरवाही पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।


