
बिहार के पूर्णिया जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने दो प्रेमियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपा दिया। इतना ही नहीं, पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने खुद ही पति की गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज करा दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पत्नी समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घर लौटने पर हुआ विवाद
मृतक की पहचान जानकीनगर थाना क्षेत्र के रूपौली दक्षिण पंचायत स्थित रमजानी मंडल टोला निवासी 46 वर्षीय गजेंद्र मंडल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गजेंद्र मंडल बाहर रहकर मजदूरी करता था और घर बनाने के लिए पैसे भेजता था।
आरोप है कि उसकी पत्नी गणिता देवी ने अपने दोनों प्रेमियों रंजीत कुमार राय और सुमन कुमार के साथ मिलकर वे पैसे खर्च कर दिए थे। जब गजेंद्र घर लौटा और पैसों का हिसाब मांगा तो पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान उसे पत्नी के अवैध संबंधों की जानकारी भी मिल गई थी।
सुनसान इलाके में ले जाकर की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि 2 मई की रात पति-पत्नी के बीच मारपीट हुई थी। इसके बाद पत्नी और उसके प्रेमियों ने गजेंद्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
अगले दिन दोनों आरोपी गजेंद्र को बहाने से अपने साथ ले गए। पुलिस के मुताबिक पहले उसे खाना-पीना कराया गया और फिर रमजानी से दिवरा जाने वाली नहर के पास सुनसान इलाके में ले जाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को नहर किनारे झाड़ियों में छिपा दिया गया।
गुमशुदगी की झूठी शिकायत दर्ज
हत्या के बाद आरोपी पत्नी ने पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश की। उसने थाना पहुंचकर पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई और दावा किया कि बाजार से लौटने के दौरान वह अचानक गायब हो गया।
हालांकि पुलिस को शुरू से ही मामला संदिग्ध लग रहा था।
दुर्गंध आने पर खुला राज
7 मई को हल्दीबाड़ी गांव के पास नहर किनारे झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद किया। परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर शव की पहचान गजेंद्र मंडल के रूप में की।
इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हो गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने पत्नी गणिता देवी, उसके प्रेमी रंजीत कुमार राय और सुमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम ने बताया कि तीनों आरोपियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।


