
बिहार के मोतिहारी से बड़ी खबर सामने आई है। ढाका थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव में गैस सिलेंडर लीक होने से लगी भीषण आग में एक मासूम बच्चा, दो महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी संदेश महतो के घर खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सबसे पहले खाना बना रही महिला आग की चपेट में आई। उसे बचाने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्य भी लपटों में घिर गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल ढाका पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल है। पुलिस और प्रशासन मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।


