
बिहार के मोतिहारी जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना से सनसनी फैल गई। कोटवा थाना क्षेत्र स्थित हाई स्कूल परिसर में बीए पार्ट-थ्री की परीक्षा देने आए एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के देवपुर परसा गांव निवासी 25 वर्षीय रितेश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह परीक्षा देने कोटवा कॉलेज पहुंचा था। परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही वह कॉलेज परिसर से बाहर निकला, पहले से घात लगाए हमलावर ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी सरोज यादव ने अचानक रितेश पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल रितेश मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के समय परिसर में कई छात्र और स्थानीय लोग मौजूद थे, लेकिन अधिकतर लोग घटना का वीडियो बनाने में जुटे रहे।
सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों का कहना है कि रितेश का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था। वहीं पुलिस इस घटना को आपसी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है।
मामले पर जानकारी देते हुए स्वर्ण प्रभात ने बताया कि हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


