सारण में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। एकमा–मांझी मुख्य मार्ग पर हंसराजपुर गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान एकमा थाना क्षेत्र के हेकाम गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश सिंह के 50 वर्षीय पुत्र विनोद कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विनोद कुमार सिंह स्कूटी से किसी जरूरी काम से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रक में आग लगाने की भी कोशिश की।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर हालात को नियंत्रित किया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में लंबे समय तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार के सरकारी दफ्तरों में दलालों पर सख्ती, थानों और प्रखंड कार्यालयों में CCTV से निगरानी बढ़ेगी: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान

    Share Add as a preferred…

    बिहार में रैपिड रेल का बड़ा प्लान, पटना से 4 शहरों की दूरी होगी महज 40 मिनट, सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान

    Share Add as a preferred…