
छपरा जिले के मशरक थाना क्षेत्र के बेन छपरा गांव में एक हलवाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मशरक थाना परिसर के सामने मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
मृतक की पहचान बेन छपरा गांव निवासी संत कुमार साह के 30 वर्षीय पुत्र गजेन्द्र कुमार साह के रूप में हुई है। वह पेशे से हलवाई का काम करते थे।
परिजनों के मुताबिक, गजेन्द्र कुमार को सढ़वारा निवासी शत्रोहन साह शादी समारोह में काम कराने के लिए डुमरसन गांव लेकर गया था। देर रात परिजनों को फोन कर सूचना दी गई कि गजेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। इसके बाद उसे मशरक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि गजेन्द्र की बेरहमी से पिटाई की गई थी। मृतक के शरीर पर कई गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद जिस व्यक्ति के साथ वह शादी समारोह में गया था, उसके फरार होने की बात भी सामने आ रही है।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मशरक थाना के सामने शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी संजय कुमार सुधांशु, इंस्पेक्टर इंद्रजीत महतो समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।
डीएसपी ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।


