पूर्वी चंपारण में सड़क किनारे मिले दो शव, आक्रोशित ग्रामीणों ने भारतमाला हाईवे किया जाम

पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे दो लोगों के शव बरामद किए गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जुट गई और गुस्साए ग्रामीणों ने भारतमाला हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, घटना बड़कागांव ढाला के पास की है। मृतकों की पहचान बड़कागांव वार्ड संख्या-13 निवासी 65 वर्षीय सत्यनारायण राम और 19 वर्षीय सूरज कुमार के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने बताया कि सत्यनारायण राम गांव में पूजा-पाठ कराने का कार्य करते थे। बुधवार को वे रामपुरवा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में मटकोर पूजा कराने गए थे। उनके साथ गांव का युवक सूरज कुमार भी सहयोगी के रूप में गया था।

देर रात तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान ग्रामीणों ने सूचना दी कि बड़कागांव ढाला के समीप सड़क किनारे दो शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को मृत देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने भारतमाला हाईवे जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर न तो स्पीड ब्रेकर है और न ही सुरक्षित फुटपाथ की व्यवस्था। इसी वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। पूर्व मुखिया विजय सिंह ने भी हाईवे पर सुरक्षा उपायों की कमी को गंभीर समस्या बताया।

सूचना मिलने पर पकड़ीदयाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

  • ये भी पढ़े..

    बिहार में मौसम का बदला मिजाज, 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी; बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी

    Share Add as a preferred…

    बिहार के सरकारी दफ्तरों में दलालों पर सख्ती, थानों और प्रखंड कार्यालयों में CCTV से निगरानी बढ़ेगी: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान

    Share Add as a preferred…