
बिहार के जहानाबाद से इंसानियत की मिसाल पेश करने वाली खबर सामने आई है, जहां पूर्व सांसद अरुण कुमार ने सड़क हादसे में घायल चार लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
मामला काको रोड स्थित निजामुद्दीनपुर-अल्गना पुल के पास मंगलवार रात का है, जहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार टेंपो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे पूर्व सांसद अरुण कुमार उसी रास्ते से गुजर रहे थे। उन्होंने घायलों को खून से लथपथ और दर्द से कराहते देखा, जिसके बाद बिना देर किए सभी को अपनी गाड़ी में बैठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया और भर्ती कराया।
अरुण कुमार ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर कोई मदद के लिए नहीं रुक रहा था। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता घायलों को तुरंत इलाज दिलाना था। उनके अनुसार, हादसा टेंपो द्वारा पीछे से खड़े ट्रक में टक्कर मारने के कारण हुआ।
इस दुर्घटना में घायल लोगों की पहचान नवादा निवासी गौतम कुमार, निजामुद्दीनपुर की पिंकी कुमारी, पटना की पूजा कुमारी और अलगना गांव के भुवनेश्वर बिंद के रूप में हुई है।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार सभी खतरे से बाहर हैं, हालांकि उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।


