
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar के बेटे Nishant Kumar अब सक्रिय राजनीति की ओर कदम बढ़ाते नजर आ रहे हैं। पिता की तरह ही वे भी राज्य का दौरा करने की तैयारी में हैं।
निशांत कुमार ने अपनी प्रस्तावित यात्रा को लेकर बताया कि इसकी शुरुआत संभवतः 3 मई से होगी। उन्होंने कहा कि यात्रा की शुरुआत पश्चिमी चंपारण से की जाएगी। यात्रा के विस्तृत कार्यक्रम को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा जारी है और जल्द ही पूरा शेड्यूल जारी किया जाएगा।
इस संबंध में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष Sanjay Jha ने भी पुष्टि की कि निशांत कुमार पूरे बिहार का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों के साथ बैठक के बाद यात्रा के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
इस दौरान संजय झा ने Rahul Gandhi पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पहले ही गठबंधन की स्थिति समझ चुके हैं और अब कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी जेडीयू नेता ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने 2006 में ही पंचायतों में 50% महिला आरक्षण लागू कर दिया था, जिसका परिणाम आज साफ दिखता है, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं जनप्रतिनिधि बनकर उभर रही हैं।
संजय झा ने कहा, “अब सब कह रहे हैं कि एनडीए सरकार मौका दे रही थी, लेकिन विपक्ष ने उसे छीन लिया। अब इसका हिसाब महिलाएं लेंगीं। पिछले चुनाव में 10% अधिक महिलाओं ने वोटिंग की है।”
वहीं, जेडीयू विधायक दल का नेता बनाए जाने पर Shravan Kumar को बधाई देते हुए संजय झा ने कहा कि वे लंबे समय से नीतीश कुमार के साथ जुड़े हुए हैं और पार्टी के मजबूत स्तंभ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब जेडीयू के केवल सात विधायक जीतकर आए थे, तब भी श्रवण कुमार पार्टी के साथ मजबूती से खड़े थे।


