बिहार के औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: शादी वाले घर में दो भतीजों की मौत, तीन गंभीर

बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, मदनपुर थाना क्षेत्र के सढ़ईल और रानीकुआं गांव के बीच NH-19 पर मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

इस हादसे में सढ़ईल गांव निवासी 22 वर्षीय आतिश उर्फ युवराज सिंह और हर्षित कुमार उर्फ अर्थ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उत्कर्ष कुमार, उमंग कुमार और पियूष गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को पहले सदर अस्पताल औरंगाबाद में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया।

परिजनों ने बताया कि सभी युवक घर में हो रही बुआ की शादी की तैयारी के लिए बाजार जा रहे थे। एक दिन पहले ही परिवार गया जिले से तिलक समारोह से लौटकर आया था।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है। NH-19 पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

मदनपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस हादसे के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।


ये भी पढ़े..

नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो हथियार और 31 कारतूस के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

Share Add as a preferred…

प्रथम पंच ग्राममाता सोनिया देवी की पुण्यतिथि पर संतमत सत्संग, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था

Share Add as a preferred…