भूसा ले जा रहे ट्रैक्टर चालक पर हमला, दबंगों ने पीटकर किया गंभीर रूप से घायल

भागलपुर | 15 अप्रैल 2026: भागलपुर जिले के खरिक थाना क्षेत्र में एक ट्रैक्टर चालक पर दबंगों द्वारा बेरहमी से हमला करने का मामला सामने आया है। खेत से भूसा लेकर लौट रहे चालक को रास्ते में रोककर पांच लोगों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना कृष्णनगर बिश्वपुरिया गांव की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक पिंटू यादव उर्फ बूंदे भूसा लेकर जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने उन्हें घेर लिया और लोहे की खंती तथा अवैध हथियार के बल पर हमला कर दिया। हमले में पिंटू यादव के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गए।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह घायल को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेलगी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल के पिता सुशील यादव उर्फ भवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि छोटू यादव, मुकेश यादव समेत अन्य लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि हमलावरों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ पहले भी खरिक थाना में कई मामले दर्ज हैं।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों द्वारा उन्हें केस नहीं करने की धमकी भी दी जा रही है। परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

वहीं खरिक थाना अध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में भय व्याप्त है। पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: बेलौटी गांव पहुंची जन सुराज टीम, मनोज भारती बोले- “यह एनकाउंटर नहीं, हत्या है”

    Share Add as a preferred…

    शराबबंदी वाले बिहार में शराब लूटने की होड़! सीतामढ़ी में विदेशी शराब से भरे ट्रक पर टूट पड़े सैकड़ों लोग, VIDEO वायरल

    Share Add as a preferred…