
सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में अपराधियों ने चोरी की एक बेहद चालाक और हैरान कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया है। जदिया बाजार में बदमाशों ने पहले ज्वेलर्स की दुकान के ताले में फेविक्विक डालकर उसे जाम किया और फिर मौका देखकर बाइक की डिक्की से लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए।
ताले में फेविक्विक डालकर रची साजिश
घटना त्रिवेणीगंज प्रखंड के जदिया बाजार स्थित हनुमान मंदिर चौक के पास शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे की है। ‘मां दुर्गा ज्वेलर्स’ के मालिक अमित और मनीष रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे थे।
दोनों भाई जेवरात से भरा बैग सुरक्षा के लिहाज से बाइक की डिक्की में रखकर लाए थे। जब मनीष ने दुकान का ताला खोलने की कोशिश की, तो एक ताला खुल ही नहीं रहा था। बाद में पता चला कि उसमें फेविक्विक डालकर उसे जाम कर दिया गया था।
डिक्की तोड़कर चंद सेकंड में वारदात
ताला नहीं खुलने पर दोनों भाई उसी में उलझ गए। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो बदमाश मौके का फायदा उठाकर आए और बाइक की डिक्की तोड़ दी।
कुछ ही सेकंड में उन्होंने जेवरात से भरा बैग उठाया और फरार हो गए। जब तक दुकानदारों को इसकी भनक लगी, तब तक अपराधी काफी दूर निकल चुके थे।
बाजार में मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही जदिया बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आसपास हंगामे जैसा माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
थानाध्यक्ष नंद किशोर नंदन ने बताया कि चोरी गए जेवरात की कीमत का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों को किया सतर्क
पुलिस ने इस घटना के बाद व्यापारियों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर कीमती सामान ले जाते समय अतिरिक्त सुरक्षा बरतने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है।
अपराधियों की नई चाल से बढ़ी चिंता
इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि अपराधी अब वारदात के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। पहले ध्यान भटकाना और फिर मौके का फायदा उठाकर चोरी करना, अपराधियों की नई रणनीति बनती जा रही है।


