भागलपुर में ट्रेन हादसा: बुजुर्ग मजदूर की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भागलपुर। जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक ट्रेन हादसे में बुजुर्ग मजदूर की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मृतक की पहचान सुंदरपुर निवासी 65 वर्षीय मोहम्मद इदरीश अंसारी के रूप में हुई है। वे पीरपैंती स्टेशन के आसपास मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि वे रोज की तरह काम पर गए थे, लेकिन किसे पता था कि यह उनका आखिरी दिन साबित होगा।

घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जब वे किसी वर्दान ट्रेन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और जीआरपी पुलिस की मदद से घायल अवस्था में उन्हें पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।

हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। हालांकि तमाम कोशिशों के बावजूद रात करीब 8 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मोहम्मद इदरीश अंसारी अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में चार बेटे और पांच बेटियां हैं, जिनकी जिम्मेदारी अब अचानक अनिश्चितता में आ गई है। इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों का कहना है कि वे मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ छीन लिया। घर में मातम पसरा हुआ है और हर कोई गमगीन है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

  • ये भी पढ़े..

    भरत तिवारी एनकाउंटर केस: जांच आयोग के सामने फूट पड़ा मां का दर्द, STF को देखकर बोलीं- “मेरे बेटे के हत्यारों को फांसी हो”

    Share Add as a preferred…

    बिहार में AI क्रांति की तैयारी! गूगल, माइक्रोसॉफ्ट समेत 4 बड़ी कंपनियों के साथ होगा समझौता, कैबिनेट से मिली मंजूरी

    Share Add as a preferred…