कैमूर में दिनदहाड़े हत्या: पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचे युवक को बदमाश ने मारी तीन गोलियां, इलाके में सनसनी

कैमूर: बिहार के कैमूर जिले में रविवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। कुढ़नी थाना क्षेत्र के महिला गांव में पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचे एक युवक की बदमाश ने ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान विष्णु कांत मिश्रा के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार घटना उस समय हुई जब विष्णु कांत मिश्रा अपनी पत्नी को उसके मायके से वापस ससुराल भेजने की तैयारी कर रहे थे।

पत्नी को ऑटो में बैठा रहे थे, तभी पहुंचा हमलावर

स्थानीय लोगों के मुताबिक विष्णु कांत मिश्रा के ससुर का हाल ही में निधन हुआ था। इसी वजह से उनकी पत्नी अपने मायके आई हुई थी। रविवार को विष्णु अपनी पत्नी को वापस भेजने के लिए महिला गांव पहुंचे थे।

बताया जाता है कि जब वह पत्नी को ऑटो में बैठाकर विदा करने की तैयारी कर रहे थे, तभी गांव का ही रहने वाला अमित कुमार दुबे अचानक वहां पहुंच गया। इसके बाद उसने बिना कुछ कहे अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

ताबड़तोड़ चली गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने लगातार चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से तीन गोलियां विष्णु कांत मिश्रा को लगीं। एक गोली उनके गाल में, दूसरी सीने में और तीसरी पीठ में लगी।

गोली लगते ही विष्णु कांत मिश्रा जमीन पर गिर पड़े और भारी खून बहने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वहां से फरार हो गया।

पुलिस कर रही आरोपी की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ के सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

मोहनिया के डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वारदात गांव के ही रहने वाले अमित कुमार दुबे ने अंजाम दी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

हत्या की वजह अभी साफ नहीं

मृतक के भाई विष्णु देव मिश्रा और अन्य परिजनों ने बताया कि आरोपी गांव का ही रहने वाला है, लेकिन हत्या के पीछे की असली वजह अब तक सामने नहीं आ सकी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

  • Related Posts

    पटना से हवाई यात्रा हुई महंगी: दिल्ली-मुंबई समेत कई रूट पर फ्लाइट किराये में 8–15% तक बढ़ोतरी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading