
गुना: मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां रूठियाई क्षेत्र में एक नवविवाहित दंपती के शव उनके ही कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान सूरज सहरिया और उसकी पत्नी आरती के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी कई पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बंद कमरे से उठ रही थी बदबू, तब हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक सूरज और आरती गुना के रूठियाई इलाके में एक किराए के कमरे में रहते थे और पास के ईंट भट्टे पर मजदूरी करते थे। रंगपंचमी के त्योहार के बाद से दोनों को आसपास के लोगों ने नहीं देखा था।
जब कई दिनों तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से बदबू आने लगी, तो सूरज के भाई विनोद को शक हुआ। उसने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे में सूरज का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि आरती का शव जमीन पर पड़ा हुआ था।
इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर मिली टूटी हुई रस्सी
पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से एक टूटी हुई रस्सी भी बरामद हुई है। पुलिस का अनुमान है कि दोनों ने एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की होगी। संभव है कि आरती के वजन के कारण रस्सी टूट गई हो और उसका शव नीचे गिर गया हो।
बंद कमरे और गर्म मौसम के कारण शवों में सड़न शुरू हो चुकी थी, जिससे कमरे के आसपास दुर्गंध फैल गई थी।
प्रेम कहानी और परिवार से दूरी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरती पिछले साल अगस्त महीने में बजरंगगढ़ क्षेत्र से लापता हो गई थी। उस समय उसके परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी।
बताया जा रहा है कि उसी दौरान वह सूरज के साथ घर से भाग गई थी और बाद में दोनों ने शादी कर ली थी। शादी के बाद से दोनों मजदूरी करके अपना जीवन यापन कर रहे थे और किराए के कमरे में रह रहे थे।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
धरनावदा थाना प्रभारी प्रभात कटारे ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। फिलहाल किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, इसलिए मौत के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दोनों की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई।
इस घटना के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।


