प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत, पति ने 8 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या

झारखंड की राजधानी रांची में लंबे समय से चल रहे एक प्रेम संबंध का अंत सनसनीखेज हत्याकांड के रूप में सामने आया है। मृतक की पहचान आसिफ अंसारी के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 15 वर्षों से बिउला टोप्पो नामक महिला के साथ संबंध में था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि महिला का पति जॉनसन मिंज इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था।

8 लाख रुपये की सुपारी देकर रची साजिश

पुलिस के अनुसार, पत्नी के संबंधों से नाराज जॉनसन मिंज ने अपने साथियों के साथ मिलकर आसिफ की हत्या की साजिश रची। इस वारदात को अंजाम देने के लिए उसने कुल 8 लाख रुपये की सुपारी दी। रकम का बंटवारा आरोपियों के बीच किया गया, जिसमें दीपक अग्रवाल को 4 लाख, प्रेम लकड़ा को 2.40 लाख और प्रिंस कुमार को 1.60 लाख रुपये दिए गए। पुलिस का कहना है कि पूरी योजना सुनियोजित तरीके से तैयार की गई थी।

19 फरवरी को दिया गया वारदात को अंजाम

जानकारी के मुताबिक, 19 फरवरी की रात आसिफ अपनी परिचित महिला से मिलने खेलगांव थाना क्षेत्र के आनंद विहार मोहल्ले पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले गोली मारी और बाद में पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को क्षत-विक्षत कर दिया।

पुलिस ने किया खुलासा, सभी आरोपी गिरफ्तार

मामले का खुलासा करते हुए सिटी पुलिस ने बताया कि जांच के बाद मुख्य आरोपी जॉनसन मिंज, बिउला टोप्पो और अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त देसी कट्टा, बाइक और स्कूटी समेत अन्य सामान भी बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

  • Related Posts

    मौत की पटरियों पर ‘शराब का पाताल लोक’: कटिहार में ट्रेन के नीचे बिछाया तस्करी का जाल, होमगार्ड के जज्बे ने फेल किया तस्करों का ‘मास्टर प्लान’

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    केमिकल रंगों को भागलपुर की महिलाओं का ‘नो’: चुकंदर और पालक से तैयार हो रहा ‘मैजिक गुलाल’, प्रिया सोनी की अनूठी पहल

    Share Add as a preferred…

    Continue reading