अरवल में सड़क किनारे युवक का शव मिला, हत्या या हादसा—हर एंगल से जांच

मौके पर मिली बाइक, एफएसएल की टीम जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

अरवल। करपी थाना क्षेत्र के आईयारा–रामपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव के पास एक मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली। पहली नजर में मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल की स्थिति और प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को दुर्घटना का रूप देने के लिए यहां फेंका गया हो।

मृतक की पहचान रंजन कुमार (22) के रूप में हुई है। वह अर्जुन चौधरी का पुत्र था और पटना जिले के गोसगंज थाना क्षेत्र के खीरी मोड़ का निवासी था। परिजनों के अनुसार, रंजन डीजे बजाने के काम से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। वह तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर था और अविवाहित था।

ग्रामीणों ने दी सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
सुबह सड़क किनारे शव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। करपी थानाध्यक्ष धीरज कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। सूचना पर वरीय अधिकारी भी पहुंचे। बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए, जिससे कुछ देर अफरातफरी की स्थिति बनी रही।

एफएसएल टीम से जुटाए जा रहे सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से नमूने एकत्र कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौत हादसे में हुई या किसी साजिश के तहत हत्या की गई।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट, एफएसएल जांच और कॉल डिटेल्स के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल हत्या और दुर्घटना—दोनों एंगल से जांच जारी है।

  • Related Posts

    भोजपुर में ‘खूनी’ हुआ क्रिकेट का मैदान! झोपड़ी में सो रहे युवक की कनपटी में मारी गोली; 22 साल के चंद्रशेखर की हत्या से दहला गांव

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    पटना सिटी में अपराधियों ने ईंट-भट्ठे के बुजुर्ग मुंशी की बेरहमी से हत्या; चेहरे को ईंटों से कूचा, इलाके में दहशत

    Share Add as a preferred…

    Continue reading