गया के फायरिंग रेंज में ब्लास्ट, 15 वर्षीय किशोर की मौत, दूसरा गंभीर

वेस्टेज चुनने गए थे दोनों, देवरी डुमरी रेंज में गूंजा धमाका

गयाजी। गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के बुमेर पंचायत स्थित देवरी डुमरी फायरिंग रेंज में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। सेना के फायरिंग रेंज में बम के वेस्टेज से हुए विस्फोट में 15 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान सौरभ (15) के रूप में हुई है, जबकि घायल मुकेश कुमार को गंभीर हालत में मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गयाजी भेजा गया है।

वेस्टेज से तांबा निकालने गए थे बच्चे
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों किशोर फायरिंग रेंज में पड़े बम-गोले और ग्रेनेट के वेस्टेज से तांबा निकालने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि सौरभ के शरीर के चिथड़े उड़ गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

सीआरपीएफ कर रही थी फायरिंग प्रैक्टिस
जानकारी के मुताबिक, 29 जनवरी से फायरिंग रेंज में सीआरपीएफ की टुकड़ी अभ्यास कर रही थी। राजगीर से आई सीआरपीएफ यूनिट ने तीन दिनों के लिए रेंज बुक की थी, लेकिन एक दिन में ही अभ्यास पूरा कर लौट गई। यह फायरिंग रेंज भारतीय सेना की है।

पहले दी गई थी चेतावनी
बाराचट्टी थानाध्यक्ष अमरेंद्र किशोर ने बताया कि फायरिंग शुरू होने से पहले आसपास के गांवों को विधिवत सूचना दी गई थी कि कोई भी प्रतिबंधित क्षेत्र में न जाए। इसके बावजूद लोग वेस्टेज चुनने के लिए रेंज में चले जाते हैं, जिससे इस तरह की जानलेवा घटनाएं होती हैं।

मुखिया का बयान
गांव के मुखिया संजीव ने बताया कि जिस गोले से हादसा हुआ, उसकी तस्वीर सीआरपीएफ को भेजी गई थी। सीआरपीएफ ने बताया कि उनकी प्रैक्टिस ग्रेनेट की थी, न कि बड़े गोले की। उन्होंने कहा कि गांव के कई लोग वेस्टेज से तांबा निकालने के लालच में जान जोखिम में डालते हैं।

जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद बाराचट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर फायरिंग रेंज के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    विधान परिषद में उठा बंद फैक्ट्रियों का मुद्दा, उद्योग मंत्री का बड़ा दावा—अगले सत्र से पहले लगेंगे 1000 उद्योग

    Share Add as a preferred…

    Continue reading