
कुर्था विधायक पप्पु वर्मा बोले – युवा बनें विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत
अरवल/पटना।सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), पटना की ओर से पायस मिशन स्कूल परिसर, अरवल में ‘विकसित भारत @ 2047’ विषय पर दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी सह जागरूकता अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कुर्था के विधायक पप्पु वर्मा ने किया।
उद्घाटन के दौरान विधायक पप्पु वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बने। इसके लिए युवाओं को आगे आना होगा और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और शिक्षा, रोजगार तथा नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देने का मंच
सीबीसी पटना के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी प्रकाश कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है। प्रदर्शनी में विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं को चित्रों और पोस्टरों के माध्यम से दर्शाया गया है।
शिक्षा से ही बनेगा विकसित भारत
पायस मिशन स्कूल के सहायक निदेशक अशोक कुमार ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझेगा। वहीं स्कूल की प्राचार्या डॉ. सोनम मिश्रा ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
ऑन-स्पॉट सेवाओं की भी सुविधा
कार्यक्रम में भारतीय डाक विभाग के सहायक डाक अधीक्षक मुकेश कुमार ने सुकन्या समृद्धि योजना, आधार सेवाएं और अन्य डाक योजनाओं की जानकारी दी।
आयुष्मान भारत योजना के जिला समन्वयक नलिन कुमार ने आम लोगों से आयुष्मान कार्ड और आभा कार्ड बनवाने की अपील की, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सभी तक पहुंच सके।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी शाम
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, स्वागत गीत, रंगोली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘विकसित भारत’ के सपने को मंच पर जीवंत किया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लेकर बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
छात्रों ने किया मंच संचालन
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्रा अदिति कुमारी (कक्षा 8) और छात्र आदित्य कुमार (कक्षा 7) ने किया। धन्यवाद ज्ञापन सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अमरेन्द्र मोहन ने दिया।
इस मौके पर विभाग के हर्ष सिन्हा, राकेश कुमार, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


