
होली त्योहार से करीब दो महीने पहले ही रेल यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। नई दिल्ली से पटना, दरभंगा, जयनगर, प्रयागराज और रांची जाने वाली ट्रेनों में टिकटों की तेज बुकिंग हो रही है। कई ट्रेनों में स्लीपर और रिजर्व क्लास की ज्यादातर सीटें भर चुकी हैं, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, कई गाड़ियों में न तो कन्फर्म टिकट उपलब्ध हैं और न ही वेटिंग टिकट की पर्याप्त संख्या। ऐसे में अब यात्रियों के पास RAC टिकट या फिर संभावित स्पेशल ट्रेनों का ही विकल्प बचा है।
हर साल होली के मौके पर नौकरी और पढ़ाई के कारण दूसरे शहरों में रहने वाले लोग बड़ी संख्या में अपने घर लौटते हैं। इसी वजह से पटना, दरभंगा, सहरसा, मोकामा जैसे रूटों पर भारी भीड़ देखी जा रही है।
कन्फर्म टिकट नहीं मिला तो ये हैं विकल्प
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बढ़ती मांग को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों के संचालन की संभावना है, हालांकि फिलहाल इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे IRCTC वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर नियमित रूप से सीट उपलब्धता चेक करते रहें। आम तौर पर टिकट बुकिंग यात्रा तिथि से 120 दिन पहले खुल जाती है।
कन्फर्म टिकट नहीं मिलने पर RAC टिकट एक बेहतर विकल्प हो सकता है, जिससे यात्रा की अनुमति मिल जाती है।
रेल यात्रियों के लिए जरूरी सुझाव
- त्योहार स्पेशल ट्रेनों की जानकारी IRCTC पर लगातार देखें
- एसी कोच की सीटें जल्दी भर जाती हैं, स्लीपर में संभावना ज्यादा रहती है
- समय रहते टिकट बुक करें, अंतिम समय का इंतजार न करें


