बिहार के वैशाली जिले के कटहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेहान गांव में एक बीपीएससी शिक्षिका द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शिक्षिका का शव किराये के मकान से बरामद किया गया है। मौके से पुलिस को एक लेटर (सुसाइड नोट) भी मिला है, जिसमें इसे आत्महत्या बताया गया है।
मृत शिक्षिका कटहरा थाना क्षेत्र में किराये पर रहकर खाजे चांद छपरा गांव के विद्यालय में पढ़ाने जाती थीं। उनकी पहचान जंदाहा थाना क्षेत्र के रसुलपुर गांव निवासी के रूप में हुई है।
एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल, हाजीपुर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतका की तीन महीने की एक बच्ची है। उनके पति रक्सौल स्थित एक बैंक में डिप्टी ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
सुसाइड नोट में क्या लिखा है?
मौके से मिले लेटर में शिक्षिका ने लिखा है कि यह कोई हत्या नहीं है और उन्होंने स्वेच्छा से जीवन समाप्त करने का निर्णय लिया है। उन्होंने अनुरोध किया है कि
- उनके शव को रसुलपुर न ले जाया जाए
- अंतिम संस्कार हाजीपुर में ही किया जाए
- उन्हें पति नहीं, उनकी बेटी मुखाग्नि दे
उन्होंने यह भी लिखा कि उनका मोबाइल पति को सौंप दिया जाए, क्योंकि उसमें कुछ मैसेज, ऑडियो और वीडियो हैं, जिनका पासवर्ड उनके पति को मालूम है। साथ ही उन्होंने अपने परिवार से माफी मांगी और पुलिस से अनुरोध किया कि पति और परिवार पर कोई मामला दर्ज न किया जाए।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतका के मामा ने आत्महत्या के दावे पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि तीन महीने की बच्ची की मां, जो नौकरी कर रही थी और आत्मनिर्भर थी, वह इतनी योजनाबद्ध तरीके से आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षिका ने पहले अपनी मां को टॉर्चर किए जाने की जानकारी दी थी।
पुलिस क्या कह रही है?
कटहरा थाना प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि घटनास्थल से लेटर और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मोबाइल में मौजूद ऑडियो-वीडियो, पारिवारिक विवाद और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर अपील
मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को हल्के में न लें। तनाव, अवसाद और चिंता की स्थिति में समय पर मदद लेना बेहद जरूरी है। यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक दबाव से गुजर रहा है, तो परिवार या किसी विश्वसनीय व्यक्ति से बात करें और पेशेवर सहायता लें।
हेल्पलाइन नंबर:
- स्नेहा फाउंडेशन: 04424640050 (24×7)
- जीवन आस्था: 18002333330
- टेली मानस: 1800914416


