समृद्धि यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने गोपालगंज जिले में विकास कार्यों का लिया जायजा, योजनाओं के तेज क्रियान्वयन का दिया निर्देश

पटना, 20 जनवरी 2026।मुख्यमंत्री ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में गोपालगंज जिले का व्यापक दौरा कर विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने का निर्देश दिया।

सारण तटबंध परियोजना का उद्घाटन, बाढ़ सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के अंतर्गत सारण तटबंध के कि.मी. 80.00 से कि.मी. 152.00 के बीच तथा संलग्न छरकियों पर कराए गए उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण, सुरक्षात्मक कार्य और शीर्ष पर कालीकरण कार्य का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से बाढ़ नियंत्रण के साथ-साथ किसानों और स्थानीय आबादी को बड़ी राहत मिलेगी।

गोपालगंज में प्रगति यात्रा की घोषणाओं पर तेजी से काम
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि प्रगति यात्रा के तहत थावे मंदिर परिसर के मुख्य संपर्क पथ और आंतरिक पथों का निर्माण, गोपालगंज जिले में आरओबी, पुल-पुलिया, मीरगंज बाइपास निर्माण, कटैया औद्योगिक क्षेत्र के विकास हेतु विजयीपुर–देवरिया पथ से जोड़ने के लिए बाइपास सड़क निर्माण सहित कई योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं समय पर पूरी हों ताकि आम लोगों को शीघ्र लाभ मिल सके।

किसान मेला और कृषि यंत्र प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री ने सारण तटबंध के निकट आयोजित किसान मेला सह कृषि यंत्र प्रदर्शनी–2026 का निरीक्षण किया। यहां जल संसाधन, कृषि, गन्ना उद्योग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कृषि विभाग के अंतर्गत सिस्टम हायरिंग सेंटर की स्थापना हेतु 40 प्रतिशत अनुदान से संबंधित सांकेतिक चेक लाभुकों को प्रदान किया।

बरौली प्रखंड में लाभार्थियों को सौंपे प्रमाण पत्र और चेक
मुख्यमंत्री ने बरौली प्रखंड मुख्यालय में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का मुआयना किया। उन्होंने अभियान बसेरा के तहत योग्य लाभुकों को सरकारी भूमि बंदोबस्ती के प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री मुस्लिम महिला परित्यक्ता/तलाकशुदा योजना और सतत जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक, चाबी और स्वीकृति पत्र प्रदान किए।

जीविका दीदियों से संवाद, महिला सशक्तिकरण की सराहना
जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से शुरू की गई योजनाओं से उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मिली 10 हजार रुपये की प्रारंभिक सहायता से रोजगार के प्रति रुचि बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बिहार की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार हर कदम पर उनके साथ है।

316 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने बरौली प्रखंड मुख्यालय परिसर से रिमोट के माध्यम से कुल 316 करोड़ रुपये की लागत वाली 40 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 181 करोड़ रुपये की 33 योजनाओं का शिलान्यास तथा 135 करोड़ रुपये की 7 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। उन्होंने निर्माणाधीन प्रखंड कार्यालय भवन और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली का भी निरीक्षण किया तथा कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण, व्यवस्थाओं की समीक्षा
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौली में मुख्यमंत्री ने डेंटल ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, टीकाकरण कक्ष, ऑपरेशन थियेटर और जनरल वार्ड का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्रीगण, संबंधित मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, जिला प्रशासन और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि समृद्धि यात्रा का उद्देश्य विकास कार्यों की जमीनी हकीकत देखना और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

  • Related Posts

    503 कार्टन शराब छोड़ने के बदले 10 लाख की डील! वर्दी पर दाग—वायरल वीडियो से बेतिया पुलिस में हड़कंप

    Share Add as a preferred…

    Continue reading