खेल अवसंरचना को सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ा कदम, पंचायत व नगर पंचायत स्तर पर खेल क्लबों के साथ बैठकें आयोजित करने का निर्देश

पटना। राज्य में खेल संस्कृति को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और उपलब्ध खेल अवसंरचना के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खेल विभाग ने सभी जिला खेल कार्यालयों को महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि ग्राम पंचायत एवं नगर पंचायत स्तर पर गठित खेल क्लबों के निर्वाचित सदस्यों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

खेल गतिविधियों के संचालन और खिलाड़ियों के विकास पर फोकस
खेल विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, इन बैठकों के माध्यम से खेल मैदानों, स्टेडियमों और अन्य अवसंरचनाओं के उपयोग, खेल आयोजनों के संचालन तथा स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने से जुड़े सुझाव और फीडबैक लिए जा रहे हैं। विभाग का मानना है कि पंचायत स्तर पर संवाद बढ़ने से खेल योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी होगा और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नए खिलाड़ी सामने आएंगे।

31 जनवरी तक फीडबैक सौंपने का निर्देश
सभी जिलों को यह भी निर्देशित किया गया है कि खेल क्लबों के साथ हुई बैठकों से प्राप्त सुझावों और फीडबैक को संकलित कर 31 जनवरी 2026 तक विभाग को भेजा जाए। इन सुझावों के आधार पर राज्य स्तर पर खेल योजनाओं में आवश्यक सुधार और नई कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

इन जिलों से अब तक मिल चुका है फीडबैक
अब तक कई जिलों में पंचायत स्तर के खेल क्लबों के साथ बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं—

दरभंगा जिला:
नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में जिला स्तरीय खेल क्लबों की बैठक हुई। इसमें पंचायत स्तर पर खेल क्लबों के गठन, खेल मैदानों के उपयोग, प्रखंड स्तर पर इंडोर व आउटडोर स्टेडियम निर्माण, तथा पंचायत स्तर से खिलाड़ियों के चयन कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने पर चर्चा की गई। क्लबों के अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्षों से विस्तृत सुझाव लिए गए।

अररिया जिला:
रानीगंज प्रखंड में खेल क्लबों के अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्षों के साथ बैठक कर क्लब संचालन और खेल गतिविधियों को सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श किया गया।

बांका जिला:
बाराहाट और बेलहर प्रखंडों में सभी पंचायत खेल क्लबों के चयनित सदस्यों के साथ बैठक आयोजित कर खेल क्लब संचालन और स्थानीय जरूरतों से जुड़े सुझाव प्राप्त किए गए।

मधुबनी जिला:
रहिका प्रखंड में पंचायत खेल क्लबों के निर्वाचित सदस्यों के साथ बैठक कर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और अवसंरचना उपयोग पर चर्चा हुई।

आमजन भी दे सकते हैं सुझाव
खेल विभाग ने आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गूगल फॉर्म भी जारी किया है, जिसके माध्यम से कोई भी अपने सुझाव साझा कर सकता है।
लिंक: https://hostwebs.site/I3V4RE

फीडबैक के आधार पर बनेगी नई कार्ययोजना
खेल विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त सभी फीडबैक का विश्लेषण कर पंचायत और नगर पंचायत स्तर पर खेल गतिविधियों को सशक्त बनाने, खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने और खेल अवसंरचना के बेहतर उपयोग के लिए आगे की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इससे राज्य में खेलों को नई दिशा और युवा खिलाड़ियों को नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

  • ये भी पढ़े..

    पटना के नौबतपुर में दो महिलाओं से सामूहिक दुष्कर्म, SIT गठित कर जांच में जुटी पुलिस

    Share Add as a preferred…

    मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात, अंतरजातीय शादी से नाराज परिवार ने बेटी की हत्या कर जलाया शव

    Share Add as a preferred…